♦ अजित राय पणजी, गोवा से भा रत के 41वें अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह में विश्वप्रसिद्ध फिल्मकार रोमन पोलांस्की की नयी फिल्म ‘द घोस्ट राइटर’ राजनीतिक कारणों से इन दिनों दुनिया भर में चर्चा में है। पोलांस्की ने इस फिल्म की पटकथा पिछले वर्ष तब पूरी की थी, जब स्विटजरलैंड पुलिस ने अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों के आग्रह पर उन्हें गिरफ्तार किया था। उन पर एक फिल्म की शूटिंग के दौरान एक कम उम्र की लड़की के साथ यौनाचार का आरोप लगाया गया था। पोलांस्की हमेशा अपने जीवन और फिल्मों के कारण विवाद में रहते हैं। इसके बावजूद इस फिल्मोत्सव में उनकी नयी फिल्म का प्रदर्शन एक बड़ी उपलब्धि है। इस फिल्म का प्रीमियर इसी वर्ष 12 फरवरी 2010 को 60वें बर्लिन अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह में हुआ था, जहां उन्हें सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का सिल्वर बीयर पुरस्कार मिला। ‘द घोस्ट राइटर’ ब्रिटेन के एक पूर्व प्रधानमंत्री की कहानी है, जो रिटायर होने के बाद अपना शेष जीवन अमेरिका के किसी द्वीप में बिता रहा है। उस पर आरोप है कि उसने एक युद्ध में अमेरिका का हद से बाहर जाकर अंध-समर्थन किया था। फिल्म के प्रदर्शन के ब...