विनीत कुमार स्टार न्यूज़ के कार्यक्रम 24 घंटे 24 रिपोर्टर की नकल करते हुए बाकी के न्यूज़ चैनलों ने भी बीस मिनट में बीस खबरें, खबरें सुपरफास्ट या खबर शतक जैसे कार्यक्रम की शुरुआत की। खबरों पर आधारित ये कार्यक्रम मीडिया से कम आइपीएल की संस्कृति से ज्यादा प्रभावित रहे। कुछ चैनलों पर तो ये कार्यक्रम आइपीएल के दौरान ही शुरु हुए। लेकिन तमाम चैनलों ने स्टार न्यूज़ की नकल तो जरुर कर ली, लेकिन जिस समझ के साथ इस कार्यक्रम की शुरुआत की गई थी, वे उससे न केवल अलग हो गए बल्कि खबरों की दुनिया में बेवजह की हड़बड़ी पैदा कर दी। इस हड़बड़ी से चैनलों पर खबर के नाम पर जो शोर पैदा हुआ है,वो ऑडिएंस को परेशान करनेवाला है। न्यूज़ शतक 24 घंटे 24 रिपोर्टर में आम तौर 24 अलग-अलग खबरें हुआ करती थी जो कि आज भी उसी तरह से है। जब तक एक ही इलाके की कोई बड़ी खबर न हो जाए,उसे दो या तीन खबर नहीं बनाया जाता। इससे इतना जरुर होता कि आधे घंटे में हम न्यूज चैनल के माध्यम से देश और दुनिया की 24 अलग-अलग खबरें जान पाते हैं। स्टार न्यूज का ये कार्यक्रम टीआरपी की चार्ट में चोटी के दस कार्यक्रमों में अक्सर शामिल ...