जलजले कहकर नहीं आते। लेकिन, पुणे में तो जलजला पूरी घोषणा के साथ आया। तीन राज्य सरकारों के पास कागज थे। दो केंद्रीय खुफिया एजेंसियों के पास खबर थी। पुलिस तो वैसे भी चाहे तो सब पता लगा लेती है। लेकिन, कानून के इन रखवालों का नकारापन कई जानें लील गया। क्यों नहीं रुकते हमले? क्या आतंक हमारे लिए अंतहीन अभिशाप बन चुका है? ऐसा बिल्कुल नहीं है। सब कुछ नेतृत्व पर निर्भर है। यदि नेतृत्व के सीने में आग धधकती हो, तो हरकत-हूजी-हिजबुल-बुलबुल कोई नाम हो, जल कर खाक ही होगा। क्योंकि ये आग मानवता के लिए होगी। ..लेकिन हम भी जलेंगे वो फरवरी का ही महीना था जब अमेरिकी राष्ट्रपति जार्ज बुश ने दुनिया को सकते में डाल दिया था। उन्होंने—ठीक दो साल पहले—यह खुलकर स्वीकार किया था कि 9/11 के आतंकियों की जांच के दौरान ‘वॉटरबोर्डिंग’ जैसी यंत्रणा दी गई थी। इसके तहत अभियुक्तों को निर्वस्त्र कर, मुंह कपड़े से ढक कर इतना तेज और इतना ज्यादा पानी डाला गया, जिससे उन्हें डूबने का अहसास हो। वो छटपटाए, तड़पे-किंतु मरे नहीं। ऐसी अमानुषिक यातना समूचे विश्व में प्रतिबंधित है। लेकिन बुश इस के बदले बदनामी का कलंक झेलने को तैयार थे। ...