Skip to main content

Posts

Showing posts with the label navgeet

नव गीत: हम खुद को.... संजीव 'सलिल'

नव गीत: हम खुद को.... संजीव 'सलिल' * * हम खुद को खुद ही डंसते हैं... * जब औरों के दोष गिनाये. हमने अपने ऐब छिपाए. विहँस दिया औरों को धोखा- ठगे गए तो अश्रु बहाये. चलते चाल चतुर कह खुद को- बनते मूर्ख स्वयं फंसते हैं... * लिये सुमिरनी माला फेरें. मन से प्रभु को कभी न टेरें. जब-जब आपद-विपदा घेरें- होकर विकल ईश-पथ हेरें. मोह-वासना के दलदल में संयम रथ पहिये फंसते हैं.... * लगा अल्पना चौक रंगोली, फैलाई आशा की झोली. त्योहारों पर हँसी-ठिठोली- करे मनौती निष्ठां भोली. पाखंडों के शूल फूल की क्यारी में पाये ठंसते हैं..... * पुरवैया को पछुआ घेरे. दीप सूर्य पर आँख तरेरे. तड़ित करे जब-तब चकफेरे नभ पर छाये मेघ घनेरे. आशा-निष्ठां का सम्बल ले हम निर्भय पग रख हँसते हैं..... **************** Acharya Sanjiv Salil http://divyanarmada.blogspot.com

पित्तृ दिवस पर : स्मृति गीत / शोक गीत --संजीव 'सलिल'

पित्तृ  दिवस पर : स्मृति गीत / शोक गीत संजीव 'सलिल' * याद आ रही पिता तुम्हारी याद आ रही पिता तुम्हारी... * तुम सा कहाँ मनोबल पाऊँ? जीवन का सब विष पी पाऊँ. अमृत बाँट सकूँ स्वजनों को- विपदा को हँस सह मुस्काऊँ. विधि ने काहे बात बिगारी? याद आ रही पिता तुम्हारी... * रही शीश पर जब तव छाया. तनिक न विपदा से घबराया. आँधी-तूफां जब-जब आये- हँसकर मैंने गले लगाया. बिना तुम्हारे हुआ भिखारी. याद आ रही पिता तुम्हारी... * मन न चाहता खुशी मनाऊँ. कैसे जग को गीत सुनाऊँ? सपने में आकर मिल जाओ- कुछ तो ढाढस- संबल पाऊँ. भीगी अँखियाँ होकर खारी. याद आ रही पिता तुम्हारी... *  

कथा-गीत: मैं बूढा बरगद हूँ यारों... ---संजीव 'सलिल'

कथा-गीत: मैं बूढा बरगद हूँ यारों... ---संजीव 'सलिल' कथा-गीत: मैं बूढा बरगद हूँ यारों... संजीव 'सलिल' * * मैं बूढा बरगद हूँ यारों... है याद कभी मैं अंकुर था. दो पल्लव लिए लजाता था. ऊँचे वृक्षों को देख-देख- मैं खुद पर ही शर्माता था. धीरे-धीरे मैं बड़ा हुआ. शाखें फैलीं, पंछी आये. कुछ जल्दी छोड़ गए मुझको- कुछ बना घोंसला रह पाये. मेरे कोटर में साँप एक आ बसा हुआ मैं बहुत दुखी. चिड़ियों के अंडे खाता था- ले गया सपेरा, किया सुखी. वानर आ करते कूद-फांद. झकझोर डालियाँ मस्ताते. बच्चे आकर झूला झूलें- सावन में कजरी थे गाते. रातों को लगती पंचायत. उसमें आते थे बड़े-बड़े. लेकिन वे मन के छोटे थे- झगड़े ही करते सदा खड़े. कोमल कंठी ललनाएँ आ बन्ना-बन्नी गाया करतीं. मागरमाटी पर कर प्रणाम- माटी लेकर जाया करतीं. मैं सबको देता आशीषें. सबको दुलराया करता था. सबके सुख-दुःख का साथी था- सबके सँग जीता-मरता था. है काल बली, सब बदल गया. कुछ गाँव छोड़कर शहर गए. कुछ राजनीति में डूब गए- घोलते फिजां में ज़हर गए. जंगल काटे, पर्वत खोदे. सब ताल-तलैयाँ पूर ...

नव वर्ष पर नवगीत: महाकाल के महाग्रंथ का --संजीव 'सलिल'

नव वर्ष पर नवगीत संजीव 'सलिल' महाकाल के महाग्रंथ का नया पृष्ठ फिर आज खुल रहा.... * वह काटोगे, जो बोया है. वह पाओगे, जो खोया है. सत्य-असत, शुभ-अशुभ तुला पर कर्म-मर्म सब आज तुल रहा.... * खुद अपना मूल्यांकन कर लो. निज मन का छायांकन कर लो. तम-उजास को जोड़ सके जो कहीं बनाया कोई पुल रहा?... * तुमने कितने बाग़ लगाये? श्रम-सीकर कब-कहाँ बहाए? स्नेह-सलिल कब सींचा? बगिया में आभारी कौन गुल रहा?... * स्नेह-साधना करी 'सलिल' कब. दीन-हीन में दिखे कभी रब? चित्रगुप्त की कर्म-तुला पर खरा कौन सा कर्म तुल रहा?... * खाली हाथ? न रो-पछताओ. कंकर से शंकर बन जाओ. ज़हर पियो, हँस अमृत बाँटो. देखोगे मन मलिन धुल रहा... ********************** http://divyanarmada.blogspot.com

'बड़ा दिन' --संजीव 'सलिल'

'बड़ा दिन' संजीव 'सलिल' हम ऐसा कुछ काम कर सकें हर दिन रहे बड़ा दिन अपना. बनें सहायक नित्य किसी के- पूरा करदें उसका सपना..... * केवल खुद के लिए न जीकर कुछ पल औरों के हित जी लें. कुछ अमृत दे बाँट, और खुद कभी हलाहल थोडा पी लें. बिना हलाहल पान किये, क्या कोई शिवशंकर हो सकता? बिना बहाए स्वेद धरा पर क्या कोई फसलें बो सकता? दिनकर को सब पूज रहे पर किसने चाहा जलना-तपना? हम ऐसा कुछ काम कर सकें हर दिन रहे बड़ा दिन अपना..... * निज निष्ठा की सूली पर चढ़, जो कुरीत से लड़े निरंतर, तन पर कीलें ठुकवा ले पर- न हो असत के सम्मुख नत-शिर. करे क्षमा जो प्रतिघातों को रख सद्भाव सदा निज मन में. बिना स्वार्थ उपहार बाँटता- फिरे नगर में, डगर- विजन में. उस ईसा की, उस संता की- 'सलिल' सीख ले माला जपना. हम ऐसा कुछ काम कर सकें हर दिन रहे बड़ा दिन अपना..... * जब दाना चक्की में पिसता, आटा बनता, क्षुधा मिटाता. चक्की चले समय की प्रति पल नादां पिसने से घबराता. स्नेह-साधना कर निज प्रतिभा- सूरज से कर जग उजियारा. देश, धर्म, या ज...

नव गीत: अवध तन,/मन राम हो... संजीव 'सलिल'

नव गीत: संजीव 'सलिल' अवध तन, मन राम हो... * आस्था सीता का संशय का दशानन. हरण करता है न तुम चुपचाप हो. बावरी मस्जिद सुनहरा मृग- छलावा. मिटाना इसको कहो क्यों पाप हो? उचित छल को जीत छल से मौन रहना. उचित करना काम पर निष्काम हो. अवध तन, मन राम हो... * दगा के बदले दगा ने दगा पाई. बुराई से निबटती यूँ ही बुराई. चाहते हो तुम मगर संभव न ऐसा- बुराई के हाथ पिटती हो बुराई. जब दिखे अंधेर तब मत देर करना ढेर करना अनय कुछ अंजाम हो. अवध तन, मन राम हो... * किया तुमने वह लगा जो उचित तुमको. ढहाया ढाँचा मिटाया क्रूर भ्रम को. आज फिर संकोच क्यों? निर्द्वंद बोलो- सफल कोशिश करी हरने दीर्घ तम को. सजा या ईनाम का भय-लोभ क्यों हो? फ़िक्र क्यों अनुकूल कुछ या वाम हो? अवध तन, मन राम हो... *

नवगीत: मौन निहारो... --संजीव 'सलिल'

नवगीत: संजीव 'सलिल' रूप राशि को मौन निहारो... * पर्वत-शिखरों पर जब जाओ, स्नेहपूर्वक छू सहलाओ. हर उभार पर, हर चढाव पर- ठिठको, गीत प्रेम के गाओ. स्पर्शों की संवेदन-सिहरन चुप अनुभव कर निज मन वारो. रूप राशि को मौन निहारो... * जब-जब तुम समतल पर चलना, तनिक सम्हलना, अधिक फिसलना. उषा सुनहली, शाम नशीली- शशि-रजनी को देख मचलना. मन से तन का, तन से मन का- दरस करो, आरती उतारो. रूप राशि को मौन निहारो... * घटी-गव्ह्रों में यदि उतरो, कण-कण, तृण-तृण चूमो-बिखरो. चन्द्र-ज्योत्सना, सूर्य-रश्मि को खोजो, पाओ, खुश हो निखरो. नेह-नर्मदा में अवगाहन- करो 'सलिल' पी कहाँ पुकारो. रूप राशि को मौन निहारो... *

नव गीत: सागर उथला / पर्वत गहरा... संजीव 'सलिल'

नव गीत: संजीव 'सलिल' सागर उथला, पर्वत गहरा... * डाकू तो ईमानदार पर पाया चोर सिपाही. सौ पाए तो हैं अयोग्य, दस पायें वाहा-वाही. नाली का पानी बहता है, नदिया का जल ठहरा. सागर उथला, पर्वत गहरा... * अध्यापक को सबक सिखाता कॉलर पकड़े छात्र. सत्य-असत्य न जानें-मानें, लक्ष्य स्वार्थ है मात्र. बहस कर रहा है वकील न्यायालय गूंगा-बहरा. सागर उथला, पर्वत गहरा... * मना-मनाकर भारत हारा, लेकिन पाक न माने. लातों का जो भूत बात की भाषा कैसे जाने? दुर्विचार ने सद्विचार का जाना नहीं ककहरा. सागर उथला, पर्वत गहरा... *

नवगीत: पलक बिछाए / राह हेरते... आचार्य संजीव 'सलिल'

नवगीत: आचार्य संजीव 'सलिल' पलक बिछाए राह हेरते... * जनगण स्वामी खड़ा सड़क पर. जनसेवक जा रहा झिड़ककर. लट्ठ पटकती पुलिस अकड़कर. अधिकारी गुर्राये भड़ककर. आम आदमी ट्रस्ट-टेरते. पलक बिछाए राह हेरते... * लोभ, लोक-आराध्य हुआ है. प्रजातंत्र का मंत्र जुआ है. 'जय नेता की' करे सुआ है. अंत न मालुम अंध कुआ है. अन्यायी मिल मार-घेरते. पलक बिछाए राह हेरते... * मुंह में राम बगल में छूरी. त्याग त्याज्य आराम जरूरी. जपना राम हुई मजबूरी. जितनी गाथा कहो अधूरी. अपने सपने 'सलिल' पेरते. पलक बिछाए राह हेरते... *

शोकगीत: नाथ मुझे क्यों / किया अनाथ? संजीव 'सलिल'

पूज्य मातुश्री स्व. शांति देवि जी की प्रथम बरसी पर शोकगीत: नाथ मुझे क्यों / किया अनाथ? संजीव 'सलिल' नाथ ! मुझे क्यों किया अनाथ?... * छीन लिया क्यों माँ को तुमने? कितना तुम्हें मनाया हमने? रोग मिटा कर दो निरोग पर- निर्मम उन्हें उठाया तुमने. करुणासागर! दिया न साथ. नाथ ! मुझे क्यों किया अनाथ?... * मैया तो थीं दिव्य-पुनीता. मन रामायण, तन से गीता. कर्तव्यों को निश-दिन पूजा. अग्नि-परीक्षा देती सीता. तुम्हें नवाया निश-दिन माथ. नाथ ! मुझे क्यों किया अनाथ?... * हरी! तुमने क्यों चाही मैया? क्या अब भी खेलोगे कैया? दो-दो मैया साथ तुम्हारे- हाय! डुबा दी क्यों फिर नैया? उत्तर दो मैं जोडूँ हाथ. नाथ ! मुझे क्यों किया अनाथ?... *

नवगीत: कौन किताबों से/सर मारे?... आचार्य संजीव 'सलिल'

नवगीत: आचार्य संजीव 'सलिल' कौन किताबों से सर मारे?... * बीत गया जो उसको भूलो. जीत गया जो वह पग छूलो. निज तहजीब पुरानी छोडो. नभ की ओर धरा को मोड़ो. जड़ को तज जडमति पछता रे. कौन किताबों से सर मारे?... * दूरदर्शनी एक फलसफा. वही दिखा जो खूब दे नफा. भले-बुरे में फर्क न बाकी. देख रहे माँ में भी साकी. रूह बेचकर टका कमा रे... कौन किताबों से सर मारे?... * बटन दबा दुनिया हो हाज़िर. अंतरजाल बन गया नाज़िर. हर इंसां बन गया यंत्र है. पैसा-पद से तना तंत्र है. निज ज़मीर बिन बेच-भुना रे... *

नव गीत : चलो भूत से मिलकर आएँ... -संजीव 'सलिल'

नव गीत : संजीव 'सलिल' चलो भूत से मिलकर आएँ... * कल से कल के बीच आज है. शीश चढा, पग गिरा ताज है. कल का गढ़ है आज खंडहर. जड़ जीवन ज्यों भूतों का घर. हो चेतन घुँघरू खनकाएँ. चलो भूत से मिलकर आएँ... * जनगण-हित से बड़ा अहम् था. पल में माटी हुआ वहम था. रहे न राजा, नौकर-चाकर. शेष न जादू या जादूगर. पत्थर छप रह कथा सुनाएँ. चलो भूत से मिलकर आएँ... * जन-रंजन जब साध्य नहीं था. तन-रंजन आराध्य यहीं था. शासक-शासित में यदि अंतर. काल नाश का पढता मंतर. सबक भूत का हम पढ़ पाएँ. चलो भूत से मिलकर आएँ... *

नवगीत: बैठ मुंडेरे कागा बोले -आचार्य संजीव 'सलिल'

नवगीत: आचार्य संजीव 'सलिल' बैठ मुंडेरे कागा बोले काँव, काँव का काँव. लोकतंत्र की चौसर शकुनी चलता अपना दाँव..... * जनता द्रुपद-सुता बेचारी. कौरव-पांडव खींचें साड़ी. बिलख रही कुररी की नाईं कहीं न मिलता ठाँव... * उजड़ गए चौपाल हुई है सूनी अमराई. पनघट सिसके कहीं न दिखतीं ननदी-भौजाई. राजनीति ने रिश्ते निगले सूने गैला-गाँव... * दाना है तो भूख नहीं है. नहीं भूख को दाना. नादाँ स्वामी, सेवक दाना सबल करे मनमाना. सूरज अन्धकार का कैदी आसमान पर छाँव... *

आज की रचना: भुज भर भेंटो... नवगीत sanjiv 'salil'

आज की रचना: नवगीत संजीव 'सलिल' फेंक अबीरा, गाओ कबीरा, भुज भर भेंटो... * भूलो भी तहजीब विवश हो मुस्काने की. देख पराया दर्द, छिपा मुँह हर्षाने की. घिसे-पिटे जुमलों का माया-जाल समेटो. फेंक अबीरा, गाओ कबीरा, भुज भर भेंटो... * फुला फेंफड़ा अट्टहास से गगन गुंजा दो. बैर-परायेपन की बंजर धरा कँपा दो. निजता का हर ताना-बाना तोड़-लपेटो. फेंक अबीरा, गाओ कबीरा, भुज भर भेंटो... * बैठ चौंतरे पर गाओ कजरी दे ताली. कोई पडोसन भौजी हो, कोई हो साली. फूहड़ दूरदर्शनी रिश्ते 'सलिल' न फेंटो. . फेंक अबीरा, गाओ कबीरा, भुज भर भेंटो... * Acharya Sanjiv Salil http://divyanarmada.blogspot.com

नवगीत : चीनी दीपक दियासलाई --संजीव 'सलिल'

नवगीत संजीव 'सलिल' चीनी दीपक दियासलाई, भारत में करती पहुनाई... * सौदा सभी उधर है. पटा पड़ा बाज़ार है. भूखा मरा कुम्हार है. सस्ती बिकती कार है. झूठ नहीं सच मानो भाई. भारत में नव उन्नति आयी... * दाना है तो भूख नहीं है. श्रम का कोई रसूख नहीं है. फसल चर रहे ठूंठ यहीं हैं. मची हर कहीं लूट यहीं है. अंग्रेजी कुलटा मन भाई. हिंदी हिंद में हुई पराई...... * दड़बों जैसे सीमेंटी घर. तुलसी का चौरा है बेघर. बिजली-झालर है घर-घर.. दीपक रहा गाँव में मर. शहर-गाँव में बढ़ती खाई. जड़ विहीन नव पीढी आई... *

गीत: शब्दों की दीपावली -आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल'

शब्दों की दीपावली आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल' http://divyanarmada.blogspot.com जलकर भी तम हर रहे, चुप रह मृतिका-दीप. मोती पले गर्भ में, बिना कुछ कहे सीप. सीप-दीप से हम मनुज तनिक न लेते सीख. इसीलिए तो स्वार्थ में लीन पड़ रहे दीख. दीप पर्व पर हों संकल्पित रह हिल-मिलकर. दें उजियारा आत्म-दीप बन निश-दिन जलकर. - छंद अमृतध्वनि **************** नव गीत हिल-मिल दीपावली मना रे!... * चक्र समय का सतत चल रहा. स्वप्न नयन में नित्य पल रहा. सूरज-चंदा उगा-ढल रहा. तम प्रकाश के तले पल रहा, किन्तु निराश न होना किंचित. नित नव आशा-दीप जला रे! हिल-मिल दीपावली मना रे!... * तन दीपक मन बाती प्यारे! प्यास तेल को मत छलका रे! श्वासा की चिंगारी लेकर. आशा-जीवन- ज्योति जला रे! मत उजास का क्रय-विक्रय कर. 'सलिल' मुक्त हो नेह लुटा रे! हिल-मिल दीपावली मना रे!... * नव गीत कुटिया हो या महल हर जगह दीवाली है... * तप्त भास्कर, त्रस्त धरा, थे पस्त जीव सब. राहत पाई, मेघदूत पावस लाये जब. ताल-तालियाँ- नदियाँ बहरीन, उमंगें जागीं. फसलें उगीं, आसे...