Skip to main content

Posts

Showing posts with the label गीतिका

गीतिका: बिना नाव पतवार हुए हैं... ---आचार्य संजीव 'सलिल'

बिना नाव पतवार हुए हैं. क्यों गुलाब के खार हुए हैं. दर्शन बिन बेज़ार बहुत थे. कर दर्शन बेज़ार हुए हैं. तेवर बिन लिख रहे तेवरी. जल बिन भाटा-ज्वार हुए हैं. माली लूट रहे बगिया को- जनप्रतिनिधि बटमार हुए हैं. कल तक थे मनुहार मृदुल जो, बिना बात तकरार हुए हैं. सहकर चोट, मौन मुस्काते, हम सितार के तार हुए हैं. महानगर की हवा विषैली. विघटित घर-परिवार हुए हैं. सुधर न पाई है पगडण्डी, अनगिन मगर सुधार हुए हैं. समय-शिला पर कोशिश बादल, 'सलिल' अमिय की धार हुए हैं. * * * * *

गीतिका: शब्द-शब्द से छंद बना तू। --आचार्य संजीव 'सलिल'

शब्द-शब्द से छंद बना तू। श्वास-श्वास आनंद बना तू॥ सूर्य प्रखर बन जल जाएगा, पगले! शीतल चंद बना तू॥ कृष्ण बाद में पैदा होंगे, पहले जसुदा-नन्द बना तू॥ खुलना अपनों में, गैरों में ख़ुद को दुर्गम बंद बना तू॥ 'सलिल' ठग रहे हैं अपने ही, मन को मूरख मंद बना तू॥ ********************

गीतिका: नर्मदा -आचार्य सन्जीव' सलिल'

सारांश यहाँ गीतिका आचार्य संजीव 'सलिल' साधना हो सफल नर्मदा- नर्मदा. वंदना हो विमल नर्मदा-नर्मदा. संकटों से न हारें, लडें,जीत लें. प्रार्थना हो प्रबल नर्मदा-नर्मदा. नाद अनहद गुंजाती चपल हर लहर. नृत्यरत हर भंवर नर्मदा-नर्मदा. धीर धर पीर हर लें गले से लगा. रख मनोबल अटल नर्मदा-नर्मदा. मोहिनी दीप्ति, आभा मनोरम नवल. नाद निर्मल नवल नर्मदा-नर्मदा. सिर कटाते समर में झुकाते नहीं. शौर्य-अर्णव अटल नर्मदा-नर्मदा. सतपुडा विन्ध्य मेकल सनातन शिखर सोन जुहिला सजल नर्मदा-नर्मदा. आस्था हो शिला, मित्रता हो 'सलिल'. प्रीत-बंधन तरल नर्मदा-नर्मदा. * * * * * आगे पढ़ें के आगे यहाँ

गीतिका: ''सलिल''

सारांश यहाँ आगे पढ़ें के आगे यहाँ गीतिका आचार्य संजीव 'सलिल' धूल हो या फूल कुछ भी नहीं फजूल. धार में है नाव. सामने है कूल. बात को बेबात दे रहे क्यों तूल? जब-जब चुने उसूल. तब-तब मिले हैं शूल. है अगर इंसान. कर कुछ हसीं भूल. तज फ़िक्र, हो बेफिक्र. सुख-स्वप्न में भी झूल. वह फूलता 'सलिल' मजबूत जिसका मूल. *********************
सारांश यहाँ आगे पढ़ें के आगे यहाँ गीतिका आचार्य संजीव 'सलिल' आते देखा खुदी को जब खुदा ही जाता रहा. गयी दौलत पास से क्या, दोस्त ही जाता रहा. दर्दे-दिल का ज़िक्र क्यों हो?, बात हो बेबात क्यों? जब ये सोचा बात का सब मजा ही जाता रहा. ठोकरें हैं राह का सच, पूछ लो पैरों से तुम. मिली सफरी तो सफर का स्वाद ही जाता रहा. चाँद को जब तक न देखा चाँदनी की चाह की. शमा से मिल शलभ का अरमान ही जाता रहा 'सलिल' ने मझधार में कश्ती को तैराया सदा. किनारों पर डूबकर सम्मान ही जाता रहा.. ***********************************

गीतिका - आचार्य संजीव 'सलिल'

'सलिल' को दे दर्द अपने, चैन से सो जाइए. नर्मदा है नेह की, फसलें यहाँ बो जाइए. चंद्रमा में चांदनी भी और धब्बे-दाग भी. चन्दनी अनुभूतियों से पीर सब धो जाइए. होश में जब तक रहे, मैं-तुम न हम हो पाए थे. भुला दुनिया मस्त हो, मस्ती में खुद खो जाइए. खुदा बनने था चला, इंसा न बन पाया 'सलिल'. खुदाया अब आप ही, इंसान बन दिखलाइए. एक उँगली उठाता है जब भी गैरों पर; सलिल' तीन उँगली चीखती हैं, खुद सुधर कर आइए.

गीतिका : आचार्य संजीव 'सलिल'

चल पड़े अपने कदम तो,मंजिलें भी पायेंगे. कंठ-स्वर हो साज़ कोई, गीत अपने गायेंगे. मुश्किलों से दोस्ती है, संकटों से प्यार है. 'सलिल' बनकर नर्मदा हम, सत्य-शिव दुहारायेंगे. स्नेह की हर लहर हर-हर, कर निनादित हो रही. चल तनिक अवगाह लें, फिर सूर्य बनकर छायेंगे. दोस्तों की दुश्मनी की 'सलिल' क्यों चिंता करें. दुश्मनों की दोस्ती पाकर मरे- जी जायेंगे. चुनें किसको, तजें किसको, सब निकम्मे एक से. मिली सत्ता तो ज़मीं से, दूर हो गर्रायेंगे. दिल मिले न मिलें लेकिन हाथ तो मिलते रहें. क्या पता कब ह्रदय भी हों एक, फिर मुस्कायेंगे. स्नेह-सलिला में नहाना, 'सलिल' का मजहब धरम. सफल हो श्रम साधना, हम गगन पर लहरायेंगे.