Skip to main content

क्यों जाना चाहते हैं राहुल गांधी आजमगढ़?


कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी आजमगढ़ की यात्रा पर जाने वाले हैं। उत्तर प्रदेश के प्रभारी और मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पार्टी के युवा नेता को आजमगढ़ के कोई 134 साल पुराने नेशनल शिबली कॉलेज ले जाना चाहते हैं। आजमगढ़ देश का ही एक हिस्सा है। अत: वहां की यात्रा करने के लिए हरेक नागरिक स्वतंत्र है। राहुल गांधी अगर वहां जाकर लोगों से बातचीत करना चाहते हैं तो उसमें किसी को कोई ऐतराज नहीं होना चाहिए। पर राहुल गांधी केवल एक नागरिक भर नहीं हैं। उनकी हैसियत थोड़ी अलग और सामान्य नागरिक से ऊपर है। इसलिए मुंबई की लोकल ट्रेन में सफर करके शिव सेना को खुली चुनौती देने के तत्काल बाद आजमगढ़ जाने के प्रस्ताव पर अपनी स्वीकृति देने के उनके फैसले को एक यात्रा भर से अलग पढ़ा जा सकता है। आजमगढ़ में हाल-फिलहाल ऐसा कुछ नहीं हो रहा है कि राहुल गांधी को वहां की यात्रा करनी चाहिए। इसमें कोई शक नहीं कि दिल्ली के बाटला हाउस में हुई पुलिस मुठभेड़ के बाद से आजमगढ़ का नाम जिस तरह से हवा में उछला है उससे उस शहर की बदनामी होने के साथ-साथ अल्पसंख्यक समुदाय की भावनाओं को भी ठेस पहुंची है। लोकसभा चुनावों के बाद राहुल गांधी ने अब उत्तर प्रदेश को अपने राजनीतिक निशाने पर लिया है। दो साल बाद वहां होने वाले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को सत्ता में काबिज करवाने के राहुल गांधी के प्रयासों के तहत दिग्विजय सिंह उत्तर प्रदेश में राजनीतिक जमीन तैयार कर रहे हैं। राहुल गांधी को आजमगढ़ ले जाने का दिग्विजय सिंह का प्रस्ताव भी इन्हीं प्रयासों का एक हिस्सा है। पर देश के खराब सांप्रदायिक स्वास्थ्य को देखते हुए यह काफी खतरनाक और महंगा इलाज होगा कि- अयोध्या यानी हिन्दू वोट बैंक और आजमगढ़ यानी कि मुस्लिम वोट बैंक स्थापित किया जाए। राहुल गांधी से देश को कुछ अलग तरह की उम्मीदें हैं। उनके फक्कड़पन और चलने-फिरने के अंदाज में अभी तक किसी को यह नजर नहीं आया है कि वे टुकड़ों-टुकड़ों में देश की चिंता कर रहे हैं। शिव सेना की चुनौती को स्वीकार कर मुंबई की यात्रा करने के बाद उनके नंबर ही बढ़े हैं। इससे उन निहत्थे लोगों की ताकत में इजाफा हुआ है जो अभी तक अपने मुंह खोलने से कतरा-घबरा रहे थे। सही पूछा जाए तो मुंबई की लड़ाई आर-पार के दौर में पहुंच रही है। शासन की ताकत ने अगर वहां हथियार नहीं डाले तो हमेशा के लिए स्थापित हो सकता है कि मुंबई और महाराष्ट्र पर सबका हक है। पर किसी समुदाय विशेष का राजनीतिक कारणों से दिल जीतने का राहुल गांधी का प्रयास उनकी मुंबई यात्रा की उपलब्धियों पर पानी भी फेर सकता है। आजमगढ़ से किसी का कोई विरोध नहीं है, होना भी नहीं चाहिए। पर उसके राजनीतिक इस्तेमाल को लेकर अवश्य ही चिंता व्यक्त की जा सकती है। ठाकरे परिवार भी तो आखिर मराठियों को लेकर मुंबई के साथ ऐसा ही कर रहा है। राजनीतिक दलों का शीर्ष नेतृत्व अभी तक देश की जनता को संप्रदायों में बांटकर सत्ता की राजनीति के लिए उसका शोषण करता रहा है। राहुल गांधी चाहें तो इसे अब उलट सकते हैं। देश की नजरें तो इस समय मुंबई पर टिकी हुई हैं कि वहां जनता की जीत होती है या नहीं। राहुल को अपनी आगे की कोई भी राजनीतिकयात्रा मुंबई के फैसले के बाद ही तय करनी चाहिए।
आगे पढ़ें के आगे यहाँ

Comments

Popular posts from this blog

डॉ.प्रभुनाथ सिंह भोजपुरी के अनन्य वक्ता थे -केदारनाथ सिंह

डॉ.प्रभुनाथ सिंह के स्वर्गवास का समाचार मुझे अभी चार घंटा पहले प्रख्यात कवि डॉ.केदारनाथ सिंह से मिला। वे हावड़ा में अपनी बहन के यहां आये हुए हैं। उन्हीं से जाना भोजपुरी में उनके अनन्य योगदान के सम्बंध में। गत बीस सालों से वे अखिल भारतीय भोजपुरी सम्मेलन नाम की संस्था चला रहे थे जिसके अधिवेशन में भोजपुरी को 8वीं अनुसूची में शामिल करने का प्रस्ताव पारित हुआ था तथा उसी की पहल पर यह प्रस्ताव संसद में रखा गया और उस पर सहमति भी बन गयी है तथा सिद्धांत रूप में इस प्रस्ताव को स्वीकार भी कर लिया गया है। केदार जी ने बताया कि डॉ.प्रभुनाथ सिंह का भोजपुरी में निबंध संग्रह प्रकाशित हुआ है और कविताएं भी उन्होंने लिखी हैं हालांकि उनका संग्रह नहीं आया है। कुछ कविताएं अच्छी हैं। केदार जी के अनुसार भोजपुरी के प्रति ऐसा समर्पित व्यक्ति और भोजपुरी के एक बड़े वक्ता थे। संभवतः अपने समय के भोजपुरी के सबसे बड़े वक्ता थे। बिहार में महाविद्यालयों को अंगीकृत कालेज की मान्यता दी गयी तो उसमें डॉ.प्रभुनाथ सिंह की बड़ी भूमिका थी। वे उस समय बिहार सरकार में वित्तमंत्री थे। मृत्यु के एक घंटे पहले ही उनसे फोन से बातें हुई ...

ग़ज़ल

गज़ब का हुस्नो शबाब देखा ज़मीन पर माहताब देखा खिजां रसीदा चमन में अक्सर खिला-खिला सा गुलाब देखा किसी के रुख पर परीशान गेसू किसी के रुख पर नकाब देखा वो आए मिलने यकीन कर लूँ की मेरी आँखों ने खवाब देखा न देखू रोजे हिसाब या रब ज़मीन पर जितना अजाब देखा मिलेगा इन्साफ कैसे " अलीम" सदकतों पर नकाब देखा